जांजगीर, 07 जुलाईं (आरएनएस)। महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित न्याय के उद्देश्य से अप्रैल 2026 में शुरू किए गए महिला थाना जांजगीर का सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है। सक्रिय और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते पीडि़त महिलाएं अब सीधे महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रही हैं। स्थापना के बाद अब तक महिला थाना में दर्ज 14 मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला थाना शुरू होने के बाद जिले के अन्य थानों में महिला संबंधी शिकायतों का दबाव कम हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल से 30 जून 2025 के बीच जिले में महिलाओं से जुड़े 39 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि इसी अवधि 2026 में यह संख्या घटकर 31 रह गई। अधिकारियों का कहना है कि अब अधिकांश महिलाएं सीधे महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रही हैं, जिससे मामलों का त्वरित निराकरण संभव हो रहा है।
महिला थाना के साथ संचालित महिला परिवार परामर्श केंद भी पारिवारिक विवाद सुलझाने में अहम भूमिका निभा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक केंद्र में 268 पारिवारिक विवादों की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 193 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इनमें 61 मामलों में पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति कराकर टूटते परिवारों को दोबारा साथ लाने में सफलता मिली, जिसे सामाजिक दृष्टि से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित न्याय पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जा रही है तथा जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी सहायता और आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला थाना और परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से अपराधियों पर सख्ती के साथ-साथ परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में भी लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
०


