जांजगीर-चांपा, 07 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 15 नाबालिगों को वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 2-2 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, थाना जांजगीर, थाना चांपा और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच की।
जांच के दौरान 15 नाबालिग वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने उनके परिजनों को स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।
स्कूल की पहल बनी मिसाल
पुलिस के सड़क सुरक्षा अभियान को समर्थन देते हुए चांपा मनका पब्लिक स्कूल ने भी अनुकरणीय पहल की है। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को नोटिस जारी कर नाबालिग छात्र-छात्राओं को मोटरसाइकिल या स्कूटी से स्कूल नहीं भेजने की अपील की है।
अभियान रहेगा जारी
एएसपी यातायात उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनकी और अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील
पुलिस ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

