रायपुर, 07 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में सूने मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार कर चोरी के पूरे जेवरात बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हांडीपारा निवासी कांति साहू 5 जुलाई को घर में ताला लगाकर छठी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम नकटी गई थीं। अगले दिन लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे और अलमारी का ताला टूटा हुआ है तथा घर से करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके हैं। शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाने में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी मोहम्मद बिलाल (19) निवासी हांडीपारा शिवनगर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ लिया।
दोनों की निशानदेही पर चोरी के करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि विधि के साथ संघर्षरत बालक के खिलाफ पहले भी आजाद चौक थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। मामले की जांच जारी है।
०


