रुद्रप्रयाग,09 नवंबर (आरएनएस)। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जनपद के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में रुद्रप्रयाग का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में रुद्रप्रयाग ने कुल 36 पदक जीते हैं जिनमें 18 स्वर्ण, 1 रजत और 17 कांस्य पदक शामिल हैं। लगातार दूसरे वर्ष भी रुद्रप्रयाग ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। साथ ही अपनी काबलियत का प्रमाण दिया है। इधर, ओवरऑल चैंपियनशिप महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के नाम रही। प्रतियोगिता में महक रावत ने तीन गोल्ड मेडल हासिल कर ओवरआल चैंपियन प्राप्त की। महक ने अंडर-19 आयु वर्ग में 200 दौड़ में गोल्ड, लम्बी कूद में गोल्ड व ट्रिपल जम्प में भी गोल्ड मेडल जीता। इसी आयु वर्ग में सृष्टि परिहार ने 400 मीटर दौड़ में ब्रोंज मैडल हासिल किया। जबकि आरजू ने 1500 मीटर दौड़ में प्रथम व 800 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया। टैमी ने तीन किलोमीटर दौड़ में तीसरा स्थान व गीता ने 100 मीटर हर्डल्स में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। क्रॉस कंट्री स्पर्धा में रुद्रप्रयाग ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें रिया अंडोला, टैमी और आरजू की संयुक्त भूमिका रही। 3 किमी वॉक रेस में निशा स्वर्ण पदक के साथ अव्वल रहीं। सुहाना ने 200 और 400 मीटर में पहला स्थान तथा 600 मीटर में दूसरा स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा 100 मीटर दौड़ में गीता, गहना, महक और सृष्टि ने भी पदक जीतकर जिले के पदकों में इजाफा किया। जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में सभी व्यायाम शिक्षकों के प्रयास और खिलाडिय़ों की मेहनत रंग ला रही है। उन्होंने अभिभावकों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खिलाडिय़ों की मेहनत और जुनून की सराहना की है। वहीं दूसरी ओर अगस्त्यमुनि में स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण बीते दो सालों से अधर में लटका है जिससे खेल प्रतिभाओं को काफी मुश्किलें उठानी पड़ रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

