० बाइक की सीट के नीचे छिपाकर ला रहे थे 2.930 किलो गांजा, दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
महासमुंद, 08 जुलाई (आरएनएस)। महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल की सीट के नीचे गांजा छिपाकर ओडिशा से महासमुंद ला रहे थे। पुलिस ने 2.930 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित 2 लाख 1 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक सी 06 एचसी 7978) पर तीन व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तीनों युवकों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में वे पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने मोटरसाइकिल की सीट के नीचे गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.930 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 46 हजार 500 रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) तथा तीन मोबाइल फोन (कीमत 15 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2 लाख 1 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फूलबाणी से लाकर महासमुंद जिले के नूनपानी (सरायपाली) में छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने जिला सीमा में प्रवेश से पहले ही तीनों को पकड़कर तस्करी की कोशिश विफल कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदानंद साहू (30 वर्ष), शनिदास वैरागी (19 वर्ष) और रामदास साहू (28 वर्ष), निवासी ग्राम नूनपानी, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत थाना सिंघोड़ा में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के 110 प्रकरणों में 7,408.811 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36 करोड़ 91 लाख 8 हजार 950 रुपये है, जब्त किया जा चुका है। इस अवधि में कुल 268 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 65 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 203 आरोपी अन्य राज्यों के हैं।
महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में गांजा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और वित्तीय नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

