० 32 हजार से अधिक संग्राहकों के खातों में पहुंची राशि, वर्ष 2023 के बोनस का भुगतान भी शुरू
कवर्धा, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक तथा वर्ष 2023 सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का ऑनलाइन भुगतान शुरू कर दिया है। अब तक 32 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन के अनुसार वर्ष 2026 तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन में जिले की 19 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के 24 लॉट और 269 फड़ों के माध्यम से 40,100 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 40,234.435 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 100.34 प्रतिशत है।
संग्रहित तेंदूपत्ता के एवज में 32,688 संग्राहकों को कुल 22 करोड़ 12 लाख 89 हजार 392.50 रुपये संग्रहण पारिश्रमिक का भुगतान किया जाना है। 8 जुलाई 2026 तक 32,464 संग्राहकों के बैंक खातों में 22 करोड़ 3 लाख 56 हजार 4 रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित किए जा चुके हैं, जो कुल देय राशि का 99.58 प्रतिशत है। शेष पात्र संग्राहकों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा।
इसके साथ ही वर्ष 2023 तेंदूपत्ता सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। वर्ष 2023 में जिले के 28,589 संग्राहकों ने 32,347.170 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया था। इनमें लाभ में रही 13 समितियों के 21,010 संग्राहकों को कुल 2 करोड़ 31 लाख 63 हजार 96 रुपये का बोनस ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से दिया जा रहा है।
लाभ में शामिल समितियों में खारा, छोटूपारा, सहसपुर, राजनवागांव, बोड़ला, सिंघारी, तरेगांव, पंडरिया, कुकदूर, कोदवा, कामठी, चिल्फी और रेंगाखार शामिल हैं। इन समितियों के संग्राहकों को समिति के लाभ के अनुसार प्रति मानक बोरा निर्धारित दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने सभी पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों से अपने बैंक खातों की जानकारी अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि शेष भुगतान भी समय पर और बिना किसी परेशानी के सीधे उनके खातों में किया जा सके।
०



