लखनऊ/मऊ 9 जुलाई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को मऊ जनपद के बंधा रोड स्थित प्रस्तावित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्युत क्षेत्र को आधुनिक, सुदृढ़ और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलमÓ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम जनजीवन की आधारशिला है।ए.के. शर्मा ने बताया कि करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की क्षमता 5+5 एमवीए होगी। इसके अंतर्गत चार नए 11 केवी फीडरों का निर्माण किया जाएगा, जिससे मौजूदा विद्युत उपकेंद्रों पर पडऩे वाला अतिरिक्त भार कम होगा और क्षेत्र की बिजली वितरण व्यवस्था अधिक संतुलित एवं प्रभावी बनेगी।उन्होंने बताया कि इस उपकेंद्र के निर्माण से पटन टोला, व्यारी टोला, संस्कृत पाठशाला, हरिकेशपुरा, सदर चौक, मलिक टोला, हट्टी मदारी, औरंगाबाद, हनुमान घाट, ऑफिसर्स कॉलोनी, रेलवे क्वार्टर, गायघाट, खालसा, ख्वाजाजहांपुर और कागजीवनचक सहित अनेक क्षेत्रों के लगभग 4 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नए उपकेंद्र के चालू होने से 11 केवी लाइनों की लंबाई कम होगी, जिससे तकनीकी हानियों और फॉल्ट की घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही ओवरलोडिंग की समस्या दूर होगी, लो-वोल्टेज से राहत मिलेगी और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। इससे विद्युत वितरण प्रणाली की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपकेंद्र का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्युत सेवाओं के निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकता के अनुसार नए उपकेंद्रों, विद्युत लाइनों तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन से हुई। इस अवसर पर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

