0 जिला मुख्यालयों में कांग्रेस करेगी पुतला दहन
रायपुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने 10 जुलाई को प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों को पत्र जारी कर जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस के निर्देशानुसार सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसमें सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही आंदोलन के बाद विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त कर रही है तथा पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में आंदोलन करने का फैसला लिया है।
गौरतलब है कि आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्लू) ने कोल लेवी और शराब घोटाला मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लिया है। उन पर करीब 3000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले, 450 करोड़ रुपये के कोल लेवी घोटाले और 127 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग घोटाले में संलिप्त होने के आरोप हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

