रायपुर,9 जुलाई (आरएनएस)। बस्तर संभाग मुख्यालय स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित ‘दीदी के गोठ के 12वें संस्करण में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आजीविका संवर्धन की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से हजारों महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान लखपति दीदियों की सफलता की कहानियों ने महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढऩे की नई प्रेरणा दी।वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की मातृशक्ति ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए समाज में बदलाव की सशक्त भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब महिलाएं उनका लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनती हैं। उन्होंने बताया कि बिहान योजना, मध्याह्न भोजन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से बस्तर की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं।बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि किसी भी समाज का विकास महिलाओं के सशक्तिकरण पर निर्भर करता है। उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), लखपति दीदी योजना, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं को महिलाओं के जीवन में बदलाव का माध्यम बताया।चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि बस्तर की महिलाएं अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मुर्गीपालन, बकरीपालन, मत्स्यपालन, सब्जी उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर परिवार की आय बढ़ा रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में चपका की नीतू झा, सुलेंगा की सुगनी कश्यप और इरपा की हेमबती नाग सहित कई सफल लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण-पत्र और सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।इस दौरान कोंडागांव जिले की नम्रता पटेल ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि बिहान योजना के तहत बैंक लिंकेज और 5 लाख रुपये के ऋण की सहायता से उन्होंने अपने ‘अमृत तुल्य चाय एवं नाश्ता कैफे का विस्तार किया। आज उनके कैफे से प्रतिदिन लगभग 5 हजार रुपये की आय हो रही है।कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। संवाद, सम्मान और प्रेरणा से भरपूर यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर बस्तर के संकल्प को नई मजबूती देने वाला साबित हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

