New Delhi 10 Jully (Rns) /- भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ क्रिकेट के मैदान पर एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। अय्यर अब इंग्लैंड की धरती पर किसी भी द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेले गए श्रृंखला के चौथे टी20 मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 80 रनों की शानदार पारी खेली। इस बेहतरीन पारी की बदौलत मौजूदा टी20 सीरीज में उनके कुल रनों का आंकड़ा 190 पर पहुंच गया है।
कप्तान को छोड़कर बाकी बल्लेबाजों ने किया निराश
अगर मुकाबले की बात करें, तो कप्तान श्रेयस अय्यर के जुझारू अर्धशतक की मदद से भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 159 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 158 रन बनाए। इस मैच में भारत की ओर से केवल श्रेयस अय्यर ही गेंदबाजों का सामना कर सके। उन्होंने 49 गेंदों की अपनी पारी में चार चौकों और पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए। उनके अलावा टीम का कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। श्रेयस और शिवम दुबे के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 53 रनों की पार्टनरशिप ही भारतीय पारी की एकमात्र बड़ी साझेदारी रही

