रायगढ़, 10 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने 10 जुलाई को खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 34 लीटर अवैध शराब जब्त कर तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा स्थित प्रिंसी ढाबा में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी संजय पटैल (29) के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई।
दूसरी कार्रवाई ग्राम छोटे देवगांव स्थित अनुराग किराना एंड कोल्ड्रिंक्स स्टोर में हुई। यहां संचालिका ममता अग्रवाल (36) के पास से 45 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल व्हिस्की और 5 पाव देशी प्लेन शराब, कुल करीब 9 लीटर शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,800 रुपये है।
वहीं तीसरी कार्रवाई में थाना घरघोड़ा पुलिस ने हरि पेट्रोल पंप बायपास रोड के पास नंदकिशोर यादव उर्फ नंदू (31) को 10 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खरसिया, साइबर थाना और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

