अंबिकापुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवालके निर्देश पर सरगुजा पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और बाइकर्स गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 158 मोटरसाइकिलें जब्तकी हैं। अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर सख्त चेतावनी भी दी गई।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र से बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें युवक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते हुए और यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए थे। इस घटना से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणीपुर, कोतवाली अंबिकापुर तथा यातायात शाखा को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एक साथ कई स्थानों पर हुई कार्रवाई
निर्देश के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात शाखा ने 50, थाना कमलेश्वरपुर ने 55, थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली अंबिकापुर ने 8तथा थाना मणीपुर ने 5वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 158 वाहनों पर कार्रवाईकी।
अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर उनके परिजनों को थाने बुलाकर यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाइकर्स गैंग, स्टंटबाजी, तेज आवाज वाले साइलेंसर और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी दर्शनीय स्थल या सार्वजनिक स्थान पर बाइकर्स गैंग द्वारा सड़क जाम करने, स्टंटबाजी करने या मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने की सूचना मिले तो तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599या डायल-112पर जानकारी दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

