रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस) राजधानी रायपुर की पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आईफोन-15 लूटकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एपल आईफोन-15 मोबाइल भी बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आदित्य शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई की रात चंगोराभाठा क्षेत्र में तीन युवकों और दो युवतियों ने उसे रोककर जबरन उसका आईफोन-15 लूट लिया था। शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लूटकांड में शामिल लक्की विश्वकर्मा (20) और अर्पणी तिवारी उर्फ सोनू (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में रजत सेन उर्फ हर्ष पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जबकि शानू नामक आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में लूट, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

