रुड़की,10 जुलाई (आरएनएस )। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर पंचायत ढंडेरा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। क्षेत्र की सड़कों, गलियों और बाजारों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढंडेरा में जलभराव की समस्या वर्षों पुरानी है। हर बार बारिश होने पर नालियों का पानी सड़कों पर आ जाता है और पूरे इलाके में जलभराव की स्थिति बन जाती है। कई स्थानों पर पानी लंबे समय तक भरा रहने से लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।ढंडेरा बाजार में दुकानों के सामने भी बारिश का पानी जमा होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से बच रहे हैं, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर मानसून में यही हालात बनते हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था में सुधार करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

