राजनांदगांव, 11 जुलाई (आरएनएस)। मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव के जवान ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन में दोबारा चढऩे का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा। मौके पर प्लेटफॉर्म ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बृजेश सकुनिया (52 वर्ष), पिता महीबीर प्रसाद सकुनिया, निवासी हनुमान मंदिर पारा, झारसुगुड़ा बताया। उन्होंने जानकारी दी कि वह गोंदिया जंक्शन से झारसुगुड़ा की यात्रा कर रहे थे। राजनांदगांव स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन चलने लगी, तो दोबारा चढऩे के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया था। आरपीएफ जवान की तत्परता के चलते उनकी जान बच गई।
यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद के कारण वह सुरक्षित हैं। इसके बाद वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढऩे या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। आरपीएफ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

