सिरसा,11 जुलाई (आरएनएस )। भारतीय जनता पार्टी सिरसा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा का जींद दौरा प्रदेश के विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जींद से प्रदेश को अनेक महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना, विभिन्न आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा स्वास्थ्य एवं रेल बजट क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, डिजिटल अवसंरचना तथा कृषि सहित प्रत्येक क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरूआत भारत के स्वच्छ ऊर्जा आधारित और आधुनिक परिवहन तंत्र की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगी। इसके साथ ही भिवानी एवं नारनौल में मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुभारंभ, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड का उद्घाटन तथा अन्य विकास परियोजनाएं प्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि जींद केवल एक जिला नहीं, बल्कि हरियाणा की राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण भूमि रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास के साथ-साथ प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का भी संदेश देगा। केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सिरसा जिले से भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है और सभी इसकी सफलता के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद आगमन का गर्मजोशी से स्वागत करें तथा विकास के इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, आधारभूत ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

