सिरसा,11 जुलाई (आरएनएस )। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की मांग पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने एलएलएम पाठ्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का शेड्यूल जारी कर दिया है। परिषद ने इसे छात्र हित की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति का आभार जताया है। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने पर विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की है।
एबीवीपी के जिला संयोजक मोहित बिश्नोई ने बताया कि बीते दिनों परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. विजय कुमार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसमें प्रमुख रूप से एलएलएम पाठ्यक्रम को बंद नहीं करने तथा शीघ्र प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग शामिल थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिषद की मांग पर अमल करते हुए एलएलएम पाठ्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। मोहित बिश्नोई ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हितों की आवाज बुलंद करती रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी एक मांग पूरी की है जबकि अन्य चार मांगों का समाधान अभी शेष है। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए शेष मांगों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाए। परिषद का कहना है कि यदि बाकी मांगों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संगठन छात्र हित में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए भी तैयार रहेगा। परिषद ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में भी विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा और शैक्षणिक व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

