०मछुआ सहकारी समितियों एवं मत्स्य कृषकों को योजनाओं, बीमा और एनएफडीपी पंजीयन की दी गई जानकारी
कोण्डागांव,11 जुलाई (आरएनएस)। राष्ट्रीय मछुआरा दिवस के अवसर पर जिला एवं विकासखंड कोण्डागांव में शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र, कोपाबेड़ा में राष्ट्रीय मत्स्य कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की मछुआ सहकारी समितियों के सदस्य एवं प्रगतिशील मत्स्य कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।संगोष्ठी में मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पंजीयन के उद्देश्य एवं लाभ, मत्स्यजीवी दुर्घटना बीमा, जलीय कृषि बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। अधिकारियों ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।इस अवसर पर प्रतिभागियों को शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कराया गया, जिससे उन्हें वैज्ञानिक एवं आधुनिक मत्स्य पालन की जानकारी प्राप्त हुई।कार्यक्रम में सहकारिता विभाग एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने भी सहभागिता करते हुए अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं सुविधाओं से मत्स्य कृषकों को अवगत कराया तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। संगोष्ठी के माध्यम से मत्स्य पालन को लाभकारी एवं आत्मनिर्भर आजीविका के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

