उत्तरकाशी,11 जुलाई(आरएनएस)। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हिस्से पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए वैकल्पिक डायवर्जन (बाईपास) मार्ग तैयार कर वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी है। इससे पिछले तीन दिनों से यमुनोत्री धाम की ओर फंसे श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।भूस्खलन के कारण हाईवे के बाधित होने के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एनएच विभाग ने तेजी से काम शुरू किया। विभागीय मशीनरी और श्रमिकों की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से के पास वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया, जिसके बाद अब विभागीय वाहनों के साथ ही फंसे हुए वाहनों को भी बड़कोट की ओर भेजा जा रहा है। एनएच खंड के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि डायवर्जन मार्ग तैयार कर दिया गया है और इसके माध्यम से वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला पुलिस प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके। हाईवे बंद होने से यमुनोत्री की ओर बड़ी संख्या में वाहन और श्रद्धालु फंसे हुए थे। मार्ग खुलने के बाद चारधाम यात्रा प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन और एनएच विभाग की ओर से मुख्य मार्ग को भी जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात के लिए पूरी तरह बहाल करने का प्रयास जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

