0 छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस
0 छुट्टी और स्कूल लगने के समय बढ़ाई गई पेट्रोलिंग, संदिग्ध युवकों पर कार्रवाई; अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों ने की पहल की सराहना
रायपुर, 14 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और कॉलेजों में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत पिंक पेट्रोल यूनिट की टीमें प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी के समय नियमित पेट्रोलिंग कर रही हैं, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।

पुलिस के अनुसार पिंक पेट्रोल यूनिट की सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट तीनों जोन की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों और उनके आसपास लगातार निगरानी रख रही हैं। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाना है।
संदिग्ध युवकों पर सख्ती
पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल और कॉलेजों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को असहज करने, भीड़ लगाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों को तत्काल वहां से हटाया जा रहा है। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें भविष्य में शिक्षण संस्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं आने की सख्त चेतावनी दी जा रही है।
कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए पुलिस ने युवकों से उठक-बैठक भी कराई और दोबारा ऐसी हरकत न करने की समझाइश दी।
सुरक्षा का बढ़ा भरोसा
रायपुर पुलिस का कहना है कि पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित मौजूदगी का सकारात्मक असर स्कूलों और कॉलेजों के वातावरण में देखने को मिल रहा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जबकि विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की है। स्कूल परिसरों के आसपास पुलिस की नियमित मौजूदगी से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है। इसी उद्देश्य से पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा नियमित पेट्रोलिंग, जनजागरूकता अभियान और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय तत्पर और प्रतिबद्ध है।
0

