0 प्रशासनिक समन्वय और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर हुई चर्चा
धमतरी, 14 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी जिले की नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) श्रीमती भावना पांडेय ने आज कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए जिले में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सफल कार्यकाल की कामना की।
सौजन्य भेंट के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस का बेहतर तालमेल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील एवं पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता तथा सामुदायिक पुलिसिंग को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, जनविश्वास को मजबूत करना तथा पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास, शांतिपूर्ण वातावरण तथा जनहित से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए प्रशासन एवं पुलिस के बीच सतत समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

