पुलिस नहीं लिख रही एफआईआर, थानेदार पर धमकी देने का आरोप, सीएम और उच्चाधिकारियों से लगाई गुहार
प्रयागराज १४ जुलाई (आरएनएस)। कानपुर से वाराणसी आ रही रोडवेज बस के कंडक्टर का प्रयागराज में बाइक सवार लुटेरे कैश बैग छीनकर भाग गए। बैग में लगभग २२ हजार कैश, ८५ टिकट, बेबिल और टिकट मशीन था। कंडक्टर की सूचना के बाद भी जॉर्ज टाउन की पुलिस चार दिन से टाल मटोल कर रही है। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने तो साफ साफ कह दिया है कि चोरी लिखवा दो, नहीं तो लूट का मुकदमा लिखा तो सस्पेंड हो जाऊंगा। ऐसे में पीडि़त बस कंडक्टर ने पुलिस उच्चाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
ज्ञात हो कि घटना बीती ८ जुलाई को ३ बजे भोर की है। जब बस नंबर यूपी ७८ जेटी ६१३० कानपुर से वाराणसी जा रही थी। रास्ते में प्रयाग शराज विद्या वाहिनी बस स्टैंड पर सवारी लेने के लिए कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी बीच बाइक सवार दो लुटेरे आये और कंडक्टर के गले मे लटका बैग छीनकर भाग गए।
कंडक्टर के शोर मचाने और सवारियों के हो हल्ला करने पर बस ड्राईवर ने बस से ही बाइक सवार लुटेरों का पीछा किया। किंतु वे भागने में सफल रहे। पीडि़त बस कंडक्टर ने डायल ११२ को घटना की जानकारी दी, और जार्जटाऊन थाने जाकर पुलिस को आप बीती सुनाई। जिसके बाद थोड़ी देर के लिए पुलिस सक्रिय भी हुई और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई।
कांस्टेबल अनिल सिंह यादव ने एसओ से अग्रसारित कराकर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज को पत्र लिखा और फिर सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त कर लिया। किंतु जब लुटेरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की बात आई तो एसओ योगेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चोरी लिखा दो, क्योंकि लूट का मुकदमा लिखा तो सस्पेंड हो जाऊंगा।
पीडि़त बस कंडक्टर सुनील कुमार सिंह ने प्रयागराज पुलिस आयुक्त सहित सीएम पोर्टल पर इस बात की शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है।
उधर एसओ जार्जटाउन का पक्ष जानने के लिए उन्हें कई बार फोन किया गया। पूरी घण्टी बजती रही, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

