पीईटी और मुख्य परीक्षाओं के लिए करना होगा ओटीआर, पंजीकरण शुरू
प्रयागराज १४ जुलाई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रणाली लागू कर दी है। यह व्यवस्था मंगलवार यानी १४ जुलाई से प्रभावी हो गई है।
आयोग के अनुसार भविष्य में होने वाली सभी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षाओं तथा संबंधित मुख्य परीक्षाओं में शामिल होने के लिए ओटीआर कराना अनिवार्य होगा। एक बार ओटीआर नंबर बन जाने पर आगे के सभी आवेदन में वही नंबर इस्तेमाल करना होगा।
आयोग के अधिकारियों के अनुसार ओटीआर प्रक्रिया पूरी तरह से मुफ्त होगी, आयोग किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेगा। जिन्होंने पीईटी-२०२५ के लिए पहले आवेदन किया था, उन्हें अपनी वही पंजीकरण संख्या के आधार पर ओटीआर करना अनिवार्य होगा। आवेदन के लिए वैध मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी जरूरी होंगे;श, इनका सत्यापन ओटीपी के जरिए होगा।
ओटीआर के लिए उम्मीदवारों को नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, राज्य, गृह जनपद, हाईस्कूल योग्यता तथा स्थायी व पत्राचार पता के साथ ही ६ माह के भीतर का रंगीन फोटो अपलोड करना होगा; साइज ५० केबी से १०० केबी, फॉर्मेट जेपीईजी/जेपीजीआई और हस्ताक्षर हिंदी या अंग्रेजी में होना चाहिए।
ओटीआर नंबर जनरेट होने के बाद दर्ज जानकारी में किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए जमा करने से पहले सावधानीपूर्वक जाँच अवश्य करें। प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए केवल एक ओटीआर संख्या ही मान्य होगी; एक से अधिक ओटीआर पाए जाने पर अभ्यर्थी का पंजीकरण निरस्त किया जा सकेगा।
आयोग ने ओटीआर के लिए आधिकारिक पोर्टल व प्रक्रिया की जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित निर्देशों के अनुसार वेबसाइट पर जाकर ओटीआर फॉर्म भर सकते हैं। कोई भी शंका होने पर उम्मीदवार आयोग की हेल्पलाइन या आधिकारिक ईमेल के माध्यम से स्पष्टता प्राप्त कर सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

