अल्मोड़ा,14 जुलाई (आरएनएस )। कुमाऊं सहकारी संघ लिमिटेड की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित चुनाव प्रक्रिया निर्विरोध संपन्न हुई। सभी पदों पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और मिठाई बांटकर खुशी जताई गई। चुनाव परिणाम के अनुसार बबिता मेहरा संघ की अध्यक्ष तथा मीनाक्षी पांडे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। इसके अलावा गोपाल सिंह, रविन्द्र खोलिया, आनंद सिंह, पप्पू मेहरा, चंदन सिंह, सुरेन्द्र सिंह भोजक और हयात सिंह विभिन्न सहकारी समितियों के प्रतिनिधि के रूप में निर्विरोध चुने गए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने आपसी सहमति से प्रत्येक पद के लिए केवल एक-एक नामांकन प्रस्तुत किया। किसी भी पद पर मुकाबला नहीं होने से मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रतिनिधियों ने इसे सहकारिता की मजबूत परंपरा, संगठनात्मक एकजुटता और आपसी विश्वास का प्रतीक बताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बबिता मेहरा ने सभी प्रतिनिधियों और सहकारी समितियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पारदर्शिता और समर्पण के साथ दायित्व निभाएंगी। उन्होंने सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, किसानों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा सदस्य समितियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, रानीखेत जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, भाजपा बागेश्वर के जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, आनंद कनवाल, ह्रदेश मेहरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सहकारी समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

