काशीपुर,14 जुलाई (आरएनएस )। कुमाऊं वैश्य सभा महिला शाखा की ओर से सेवा कार्यों के तहत जसपुर बस अड्डे के सामने आमजन की सुविधा के लिए लगभग तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित यात्री शेड का मंगलवार को मेयर दीपक बाली ने फीता काटकर लोकार्पण किया । मंगलवार को मेयर बाली ने महिला शाखा की जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्य अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य राहगीरो को अब धूप और बारिश से राहत मिलेगी, जिससे उन्हें काफी सुविधा होगी। यहां कुमाऊं वैश्य सभा महिला शाखा की अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल, सचिव अनीता बंसल, कोषाध्यक्ष कविता गोयल, सुमन जिंदल, विमला अग्रवाल, ऊषा सिंघल, आदर्श अग्रवाल, अंजू बंसल, रुचि सिंघल, सविता अग्रवाल, सुशील बंसल, मुनेश बंसल, विनीत सिंघल, राकेश अग्रवाल, पवन अग्रवाल और आलोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
==
(काशीपुर) किसानों को दिया गया वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण==
काशीपुर,14 जुलाई (आरएनएस )। गन्ना विकास परिषद काशीपुर की ओर से ग्राम कचनाल गुसाईं (बघेलावाला) में किसानों के लिए संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वैज्ञानिक खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित किया गया। एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर गन्ना उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कम गन्ना आपूर्ति करने वाले गांवों में विशेष रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक किसान गन्ना खेती से जुड़ें और चीनी मिलों को पर्याप्त आपूर्ति मिल सके।कार्यक्रम में गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार ने विभागीय योजनाओं, सुरेंद्र सिंह ने उपलब्ध कीटनाशकों, सुरेश सिंह ने वैज्ञानिक पौधशाला स्थापना तथा वीरेंद्र कुमार मौर्य ने फसल में रोग एवं कीट नियंत्रण की जानकारी दी। कार्यक्रम में सुरेश सिंह, सुभाष चंद्र, बलविंदर कौर, हरप्रीत सिंह, सलमान, सुशील कुमार, हरभजन सिंह, दर्शन सिंह, अली हसन हाजी, बाबूराम, केवल सिंह, बलविंदर आदि मौजूद रहे।
==
(काशीपुर) अग्निशमन विभाग ने किया फैक्ट्री व अस्पताल का निरीक्षण==
काशीपुर,14 जुलाई (आरएनएस )। अग्निशमन कर्मचारियों ने एक फैक्ट्री और अस्पताल का निरीक्षण कर फायर उपकरणों की जांच की। सोमवार की शाम प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत प्रकाश पाइप प्राइवेट लिमिटेड, मुरादाबाद रोड और एसके हॉस्पिटल का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म प्रणाली, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित निकासी, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद संस्थानों के प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि सभी अग्निशमन उपकरणों का नियमित परीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित करें। अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन करें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

