राजनांदगांव,15 जुलाईं (आरएनएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राजनांदगांव यातायात पुलिस ने नो पार्किंग क्षेत्रों और सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 27,300 का समन शुल्क वसूला गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के तहत नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक, महावीर चौक, जय स्तंभ चौक, मानव मंदिर चौक, फव्वारा चौक, गुड़ाखू लाइन, जूनी हटरी, आजाद चौक, भारत माता चौक, तिरंगा चौक, रामाधीन मार्ग, सदर लाइन, गंज चौक, चिखली ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, भगत सिंह चौक, गौरीनगर फाटक, रामदरबार चौक, अंबेडकर चौक, मोहारा रोड, आर.के. नगर, महामाया चौक, फरहद चौक सहित शहर के प्रमुख बाजारों और सर्विस रोड पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे। साथ ही वाहन चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
यातायात पुलिस ने शहर के व्यापारियों से भी अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग निर्धारित समय में ही कराएं, ताकि बाजार क्षेत्रों में यातायात बाधित न हो। साथ ही दुकानदारों और नागरिकों से अपने तथा ग्राहकों के वाहन केवल व्हाइट पार्किंग पट्टी (निर्धारित पार्किंग क्षेत्र) में ही खड़े कराने का अनुरोध किया गया है।
राजनांदगांव यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह नियमित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
००००


