जगदलपुर 15 जुलाई (आरएनएस) बस्तर पुलिस ने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक बनाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को ब्रेन बीट कोचिंग सेंटर, जगदलपुर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित इस अभियान में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, उससे बचाव के उपाय और समाज पर पड़ने वाले इसके गंभीर असर की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों में नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य बल्कि परिवार और भविष्य के लिए भी घातक है। साथ ही नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मानस हेल्पलाइन 1933 और टोल फ्री नंबर 14446 की जानकारी दी गई। नशामुक्ति की शपथ लेने के लिए सभी विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन लिंक भी साझा किया गया। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी संस्थान की मंजूषा दीदी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, कोतवाली टीआई लीलाधर राठौर, निरीक्षक मधुरी नायक, प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्रीनिवास वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं रोटरी क्लब के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फिलहाल, बस्तर पुलिस का यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। गौरतलब है कि पुलिस, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयास से जिले में नशामुक्त समाज का संदेश लगातार मजबूत किया जा रहा है।

