भिलाई, 15 जुलाईं (आरएनएस)। महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस आज (16 जुलाई) से Óपिंक पेट्रोलिंगÓ की शुरुआत करने जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई से सुबह 10 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पिंक पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, विशेषकर छेड़छाड़ की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाना है।
पिंक पेट्रोलिंग टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय नियमित गश्त कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा पार्क, गार्डन, मॉल, बाजार, साप्ताहिक बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस टीम असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी। वहीं डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त महिला सुरक्षा संबंधी सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दुर्ग पुलिस महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रति भी लोगों को जागरूक करेगी। साथ ही महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
दुर्ग पुलिस ने इस अवसर पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शामिल होकर पिंक पेट्रोलिंग अभियान के शुभारंभ का कवरेज करने का अनुरोध किया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

