महासमुंद, 15 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक सिरप और नशीली टैबलेट की तस्करी कर रहे बिलासपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली दवाइयों, स्कूटी और मोबाइल समेत 52,491 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक सीजी-07-सीपी-9850 से ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध मादक सिरप और टैबलेट लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शिवम दास उर्फ सोनू (32 वर्ष), निवासी तिफरा, बिलासपुर और संतोष सिंह (38 वर्ष), निवासी पंडरीडीह, थाना हिर्री, बिलासपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 10 बोतल कोडीन कफ सिरप (प्रत्येक 100 एमएल) तथा स्पास्मो-प्रॉक्सीवॉन प्लस की 40 नशीली टैबलेट बरामद हुई। आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ ओडिशा से बिलासपुर अपने उपयोग के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 बोतल कोडीन कफ सिरप, 5 पत्ते नशीली टैबलेट, दो मोबाइल फोन और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 52,491 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत थाना सिंघोड़ा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

