बॉलीवुड के 2 बड़े कलाकार अक्षय कुमार और सैफ अली खान के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चर्चा में रही उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म हैवानका पहला लुक आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है, जिसका उनके प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार था। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पहली झलक देख लोग इसे इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। आइए जानें फिल्म में किस अंदाज में नजर आएंगे सैफ और अक्षय।
रिलीज हुए पहले लुक में अक्षय और सैफ का बेहद प्रभावशाली अवतार नजर आ रहा है।
पोस्टर में दोनों के चेहरे के हाव-भाव और उनका लुक फिल्म की थ्रिलर और एक्शन से भरपूर थीम की ओर इशारा कर रहा है।
सालों बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही इस शानदार जोड़ी का ये नया रूप सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है। अक्षय ने लुक साझा कर लिखा, एक सब कुछ देखता है, एक से कुछ नहीं बचता, हैवानियत अब नहीं रुकेगी। इस दमदार कैप्शन के सामने आते ही फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। एक ने लिखा, यह पक्का ब्लॉकबस्टर होगी और बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाएगी। दूसरे ने लिखा, इन्हें देखकर मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी की यादें ताजा हो गईं। फैंस का मानना है कि अक्षय और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर इतिहास रचेगी। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोडिय़ों में से एक रही है। इससे पहले दोनों ने मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, ये दिल्लगी, और टशन जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। अब सालों बाद दोनों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। साल 2008 में दोनों टशन में साथ दिखे थे। अब 18 साल बाद सैफ-अक्षय की जोड़ी पर्दे पर लौट रही है। हैवान का प्रचार शुरू हो गया है। जिस तरह से इसे लेकर तैयारी की जा रही है, उससे साफ है कि ये इस साल की सबसे धमाकेदार फिल्मों में से एक होने वाली है। सिनेमाघरों में इस फिल्म को लेकर अभी से ही जबरदस्त माहौल बनने लगा है।
फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन कर रहे हैं।
हैवान 11 सितंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

