बिलासपुर, 17 जुलाईं (आरएनएस)। बिलासपुर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कें, निचली बस्तियां और कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे रातभर लोगों को जागकर पानी बाहर निकालना पड़ा।
बारिश के चलते हंसा विहार, सिरगिट्टी, मंगला, पुराना बस स्टैंड, सरकंडा, तोरवा सहित शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को हुई, जहां बारिश का पानी घरों में घुस गया। कई परिवारों ने पूरी रात पानी निकालने में बिताई, जबकि घरेलू सामान भी भीगने से नुकसान की आशंका है। बारिश के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। जलभराव और बिजली कटौती के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। गौरतलब है कि नगर निगम ने इस बार मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा किया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था में सुधार और प्रभावित क्षेत्रों से जल्द पानी निकासी की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

