अहमदाबाद 17 Jully (Rns) : गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित तौर पर जुड़े पांच और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी राज्य के विभिन्न जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क. राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है।
एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए इन पांचों संदिग्धों के तार पिछले महीने गिरफ्तार किए गए आठ अन्य आरोपियों से जुड़े पाए गए हैं। जांच एजेंसियां इनकी भूमिका और आपसी संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं।
गुजरात ATS का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद लंबे समय से गुजरात में अपना नेटवर्क और कथित स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था। एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या राज्य के कुछ लोगों को संगठन से जोड़कर उसकी गतिविधियों को विस्तार देने का प्रयास किया गया।
एटीएस के पुलिस उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर इन पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से मिले साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।
गुजरात में पहले भी आतंकी गतिविधियों के मामले सामने आते रहे हैं। वर्ष 2008 में अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। जांच एजेंसियां इस पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए राज्य में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और संभावित स्लीपर सेल की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरफ्तार संदिग्धों की भूमिका, नेटवर्क और संभावित साजिश का दायरा कितना व्यापक था।

