पहले पत्नी की हत्या, फिर पति और प्रेमी भाई ने भी लगाया फंदा
जलपाईगुड़ी 17 जुलाई (आरएनएस)। जिले में में 3 दिन में एक परिवार के तीन लोगों की रहस्यमयी मौत की घटना से सनसनी फैल गई है। मामला बेहद डरावना व पेचीदा बन गया है। शक, नफरत और खौफ के इस ताने-बाने ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी खेल की पटकथा घर के भीतर ही लिखी जा रही थी। पश्चिम दुरामारी निवासी बिमल राय को लंबे समय से यह गहरा संदेह था कि उसकी पत्नी चुमकी राय (36) और उसके सगे छोटे भाई सनातन राय के बीच अवैध संबंध हैं।
इस शक की वजह से परिवार में आए दिन तीखे विवाद और मारपीट होती रहती थी, जिससे घर का माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ था। घटना वाले दिन विवाद इस कदर बढ़ा कि वह सीधे कत्ल और खुदकुशी के रास्ते पर जा पहुंचा।
बुधवार को जब चुमकी घर से निकली, तो बिमल भी चुपके से उसके पीछे-पीछे चला गया। इसके कुछ देर बाद बिमल ने अपने बेटे के मोबाइल पर एक बेहद डरावना वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें उसने दावा किया—”मैंने तेरी मां की हत्या कर दी है और अब मैं भी खुदकुशी करने जा रहा हूं।”
बेटे की सूचना पर जब बानरहाट थाना पुलिस मोराघाट जंगल पहुंची, तो वहां मधुबनी पुल के पास से चुमकी राय का क्षत-विक्षत और रक्तरंजित शव बरामद हुआ। पत्नी की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी पति बिमल राय लापता था, लेकिन उसका भेजा हुआ मैसेज सच साबित हुआ। गुरुवार को पुलिस को मोराघाट जंगल के उसी हिस्से से बिमल राय का शव भी पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने आशंका जताई कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने खुद भी फांसी लगा ली होगी। शुक्रवार को तीसरा कांड हुआ अर्थात अब छोटे भाई (प्रेमी) की भी फंदे से लटकती लाश मिली। आज सुबह (शुक्रवार) सुबह पश्चिम दुरामारी के रंगाती महाश्मशान क्षेत्र में एक पेड़ से बिमल के छोटे भाई सनातन राय का शव भी फंदे से लटका हुआ मिला। 24 घंटे के भीतर परिवार में यह तीसरी मौत थी।
इस तिहरे शव की बरामदगी के बाद बानरहाट थाना पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। स्थानीय लोगों की थ्योरी के तहत उनका अनुमान है कि बड़े भाई द्वारा भाभी की हत्या और फिर खुदकुशी करने की घटना के बाद सनातन राय ग्लानि और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था, जिसके चलते उसने श्मशान घाट जाकर आत्महत्या कर ली। वैसे पुलिस इस मामले को सिर्फ आत्महत्या मानकर नहीं चल रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इन तीनों मौतों के पीछे कोई तीसरा शातिर दिमाग या कोई बड़ी आपराधिक साजिश तो नहीं है। बहरहाल जो भी हो लेकिन तीन दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन लोगों के सफाए ने स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बानरहाट थाना पुलिस ने तीनों ही मामलों में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

