कोलकाता ,18 जुलाई(आरएनएस)। न्यू टाउन स्थित राजारहाट में एक किराए के कमरे में संदिग्ध देसी बम विस्फोट से हड़कंप मच गया। आरोप है कि दो लोग कमरे में एक बैग छोड़कर गए थे, जिसके कुछ देर बाद जोरदार धमाका हो गया। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।उक्त मामले में एनआईए जांच में शामिल हो गई है। सीआईडी और बम स्क्वॉड ने घटनास्थल से कई विस्फोटक बरामद किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे की असली वजह का पता लगाने में लगी हैं।
शुक्रवार रात जिस मकान में धमाका हुआ था, उसे पुलिस ने पूरी तरह घेर लिया है। तलाशी अभियान के दौरान जांच टीमों को वहां से कई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भी मिली है। अब इनकी फोरेंसिक जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दो संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। न्यू टाउन के डीसी ज्योतिर्मय राय ने बताया कि बरामद विस्फोटकों की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी और फिलहाल सीआईडी पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यदि धमाका और अधिक शक्तिशाली होता तो बड़ी जनहानि और संपत्ति का नुकसान हो सकता था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मकान को नियमों के तहत किराए पर दिया गया था या नहीं। घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे स्थानीय विधायक पीयूष कानोरिया ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

