अहमदाबाद,17 जुलाई(आरएनएस)। गुजरात की आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को मेहसाना जिले के काडी स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 जुलाई तक एटीएस की हिरासत में भेजा गया है। एटीएस ने अब तक जैश आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 13 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले 3 जुलाई को 8 आतंकी गिरफ्तार हुए थे।
एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि पहले जिन 8 जैश आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था, उन्होंने पूछताछ के दौरान 5 अन्य सदस्यों की जानकारी दी थी, जिसके बाद इन्हें पाटन जिले में सिद्धपुर तालुका के खडियाल गांव से पकड़ा गया।
इन आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला उर्फ मोहम्मद खदियासन, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खली अयूब सुंसरा, शफिया रईस मुक्ति उर्फ शफी चापी और मोहम्मद हसन करदिया उर्फ हसन हैदरपुरी के रूप में की गई है।
एटीएस ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक ने टाइम बम बनाने का प्रयास किया था। हालांकि, बम बनाने की सामग्री और उर्दू में जेईएम साहित्य बरामद नहीं हुआ है।
इन सभी की योजना भारत के कई शहरों में धमाके करने की थी। स्वतंत्रता दिवस से पहले ये बम धमाके की योजना बना रहे थे।
आरोपियों ने गुजरात में देसी बम बनाकर अलग-थलग स्थानों पर कई बार परीक्षण विस्फोट किए थे, जिनमें से कुछ विस्फोट असफल रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के फोरेंसिक विश्लेषण की जांच में पता चला कि आतंकी जैश के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में थे और पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित संगठन के मुख्यालय के साथ वार्ता करते थे।
संदिग्धों और पाकिस्तान स्थित संचालकों के बीच लगातार संचार होता रहा।
बता दें कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर में बहावलपुर मुख्यालय के तबाह होने के बाद आतंकी संगठन अपने नेटवर्क को पुनर्गठित और मजबूत कर रहे हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

