देहरादून,19 जुलाई (आरएनएस )। रायपुर थाना क्षेत्र के नथुवावाला स्थित शक्ति विहार में दिनदहाड़े बंद मकान में चोरी हो गई। चोर ताले तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नकदी चुराकर ले गए। घटना के वक्त पीडि़त परिवार बेटी की परीक्षा दिलाने गया था। रायपुर थाना पुलसि ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेन नंबर-दो, शक्ति विहार नथुवावाला निवासी किरनपाल सिंह चौहान ने चोरी की तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई की दोपहर करीब 12:50 बजे वह परिवार के साथ अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए कार से चमन विहार गए थे। शाम करीब छह बजे उनका बेटा अनिरुद्ध चौहान दिल्ली से घर लौटा। उसने देखा कि मकान का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। बेटे की सूचना पर बेटी की परीक्षा खत्म होते ही परिवार आनन-फानन में घर पहुंचा। जांच करने पर पता चला कि घर से पत्नी की काफी ज्वेलरी, नकदी और अन्य सामान गायब था। तब पुलिस को सूचना दी गई। रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि पीडि़त की तहरीर के आधार पर शनिवार को चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

