देहरादून,19 जुलाई (आरएनएस )। दून विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने वार्डन आवास में एक साथ चार फ्लैटों को निशाना बनाया है। चोरों ने दो फ्लैटों से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया। जबकि, दो अन्य फ्लैटों में चोरी का प्रयास किया। इस मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पीडि़तों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में फ्लैट संख्या 202 के निवासी डॉ. अचलेश डावरे ने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से दून विश्वविद्यालय परिसर में रह रहे हैं। ग्रीष्मावकाश के चलते वह देहरादून से बाहर गए हुए थे। 15 जुलाई की देर शाम वह वापस लौटे, तो उनके फ्लैट के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर दोनों अलमारियों और सूटकेस का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर डॉ. अचलेश ने पाया कि उनके घर से 1.30 लाख रुपये नगदी, सोने की परत चढ़ी हुई दो जोड़ी चूडिय़ां चोरी हो गई। चोरों ने उनके पास के डॉ. चारु द्विवेदी के फ्लैट से भी लगभग 50 हजार रुपये के सोने के गहने और करीब ?10,000 की नकदी, विदेशी करेंसी चोरी की। चोरों ने ऊपरी मंजिल पर स्थित डॉ. कोमल (फ्लैट 301) और डॉ. अरुण कुमार (फ्लैट 302) के भी ताले तोड़े। अंदर पूरा सामान खंगाला गया। गनीमत रही कि इन दोनों फ्लैटों से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने शनिवार को चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

