देहरादून,19 जुलाई (आरएनएस )। पटेलनगर क्षेत्र के देहराखास में शनिवार रात ढाई बजे खुलेआम फायरिंग से घरों में सोए लोग सहम गए। यहां दो गुटों की पुरानी रंजिश में घटनाक्रम का अंजाम दिया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले में दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों पर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इंस्पेक्टर गुसाईं ने बताया कि रामनगर, पोस्ट मगदूमपुर थाना झबरेड़ा निवासी सन्नी पुत्र नानकचंद क्लेमनटाउन इलाके में पीजी चलाता है। तहरीर देकर बताया कि रविवार तड़के करीब 2:40 बजे वह अपने दोस्त आर्यन के साथ कमरे पर था। तभी उसके परिचित शुभम का फोन आया। शुभम ने उसे बातचीत के लिए 3:15 बजे स्वस्तिक कैफे के पास मिलने बुलाया। सन्नी जैसे ही स्वस्तिक कैफे पहुंचा वहां शुभम अपने तीन अन्य साथियों के साथ पहले से मौजूद था। आरोप है कि सन्नी के वहां पहुंचते ही शुभम और उसके साथियों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच शुभम ने पिस्तौल निकालकर सन्नी पर सीधी फायरिंग करने का प्रयास किया। सन्नी के साथ मौजूद लोगों ने आरोपी का हाथ ऊपर की ओर किया। इससे फायरिंग हवा में गया। इसके बाद युवराज नाम के एक अन्य युवक ने शुभम के हाथ से पिस्तौल छीनकर सन्नी पर दोबारा फायर झोंका। इस बार किस्मत से पिस्तौल नहीं चली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले। किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे पीडि़त सन्नी ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीडि़त सन्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि केस दर्ज कराने वाला युवक पीजी का संचालन करता है और फायरिंग करने वाले आरोपी उसके परिचित हैं। इनके बीच पहले से ही किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

