0- 55 हजार का माल जब्त
अंबिकापुर, 23 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा पुलिस ने प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट/वेप) की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक पान कॉर्नर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और 3 हजार रुपये नकद समेत करीब 55,500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड स्थित आयुषी डेली नीड्स (पान कॉर्नर) में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से 35 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और 3,000 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में संचालक प्रांशु केसरी (24 वर्ष) निवासी गांधीनगर वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम, 2019 की धारा 7 एवं 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी की अपील
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले के स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों, संचालकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि युवाओं को ई-सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि प्रतिबंधित ई-सिगरेट या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 या डायल-112 पर दें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारती मार्कण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक विवेक चंद्राकर एवं वरदान लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

