विकासनगर,11 नवंबर (आरएनएस)। मलूकावाला क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा नौकर को काम से निकालना महंगा पड़ गया। आरोप है कि नाराज नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की। घटना के दौरान आरोपियों ने सोने की चेन, पत्नी का मंगलसूत्र और घर में रखे पांच लाख रुपये भी लूट लिए। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अशोक सिंह पुत्र स्व. ज्ञान सिंह, निवासी मलूकावाला निकट पेट्रोल पंप ने तहरीर देकर बताया कि 16 सितंबर को रात लगभग साढ़े सात बजे वह अपने घर के अंदर मौजूद था। इसी दौरान उनके द्वारा हटाया गया नौकर सीतू अपने साथी दीपक पुत्र जीवन, सुमित पंकज पुत्र मगन सिंह, मगन सिंह पुत्र अतर सिंह, अनिल पुत्र रोशनलाल, राजू पुत्र ज्ञान सिंह, अजीत पुत्र हुकुम सिंह, सक्षम पुत्र रविंद्र, कार्तिक पुत्र ब्रजपाल और जीनव पुत्र अतर सिंह सभी निवासीगण बरोटीवा अन्य अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने उस पर लाठी-डंडों और लात घूसों से हमला कर दिया। उनकी पत्नी और पुत्र ने बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट कर दी। वह सभी बामुश्किल बच पाए। आरोपियों ने उनके आंगन में रखी गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की। मारपीट के दौरान वह उसके गले की चेन, पत्नी का मंगलसूत्र और घर में रखे पांच लाख रुपये भी लूटकर ले गए। इस दौरान वह लगातार उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

