अल्मोड़ा,09 नवंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्री राम सिंह धोनी राजकीय महाविद्यालय, जैंती में रविवार को रजत जयंती समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और योग प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य गौरव का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रा देवी और विशिष्ट अतिथि सुनीता देवी रहीं। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर संतोष कुमार ने की। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉक्टर योगेश सिंह राणा और डॉक्टर दर्शना पंत ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान छात्र देवेंद्र सिंह नेगी ने योग की प्रस्तुति दी, जिसमें सूर्य नमस्कार, चक्रासन, गोमुखासन और वज्रासन जैसे विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती हेमलता ओली ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर नूतन श्रीवास्तव, केशव दत्त जोशी, योग प्रशिक्षक संजय कुमार आर्य, राधेश्याम, डॉक्टर रितेश प्रसाद, श्रीमती नेहा, डॉक्टर रेनू, डॉक्टर सुरेश कुमार चौबे, ज्योति बिष्ट, हिमानी बिष्ट, सूरज कुमार, छात्र संघ अध्यक्ष गौरव कुमार आर्य और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि नवेंद्र कार्की सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और 50 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

