पौड़ी,09 नवंबर (आरएनएस)। नगर के थाने में तैनात हेड कांस्टेबल विपेंद्र रावत और होमगार्ड प्रताप ने तत्परता दिखाते हुए बदरीनाथ यात्रा से लौट रही गोरखपुर की महिला तीर्थयात्री का खोया हुआ पर्स लौटाया। शुक्रवार रात हेड कांस्टेबल विपेंद्र रावत और होमगार्ड प्रताप देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग तिराहे के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान रावत को रोड किनारे सेफ्टी वॉल के ऊपर एक पर्स पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि यह पर्स गोरखपुर निवासी अर्चना राय पत्नी सुरेश चंद्र का है, जो अपने परिवार के साथ बदरीनाथ से ऋषिकेश जा रही थीं। पर्स में करीब 23 हजार की नगदी, एक मोबाइल फोन और अन्य कीमती व्यक्तिगत सामान था। हेड कांस्टेबल रावत ने पर्स के अंदर मिले मोबाइल फोन के नंबरों का उपयोग करते हुए अर्चना राय के परिवार से संपर्क किया। महिला के पुत्र विशाल राय अपने परिजनों के साथ ऋषिकेश से देवप्रयाग थाने पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें उनका खोया हुआ समान लौटाया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

