पौड़ी,09 नवंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर रविवार को पौड़ी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, सीडीओ गिरीश गुणवंत सहित पूर्व सैनिकों व जनप्रतिनिधियों ने एजेंसी चौक स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की। इसके बाद प्रेक्षागृह में शहीद राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि व दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों व सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों व नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन हजारों आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से स्वावलंबन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष ही आज के उत्तराखंड की नींव है। उन्होंने कहा कि पौड़ी के कृषक व स्व-सहायता समूह आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने बेड़ू फल को जीआई टैग मिलने को राज्य की बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि 10 कृषकों को कृषि यंत्र और मिनी बीज किट वितरित किए गए। दो स्वायत्त सहकारिता समूहों को चार-चार लाख रुपये के चेक, बाल विकास विभाग की ओर से पांच बालिकाओं को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग के 11 लाभार्थियों को दिव्यांग उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में एडीएम अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

