भोपाल 9 नवंबर (आरएनएस)।परवलिया इलाके में नौसेना के दो जवानों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई। दोनों बोट क्लब पर प्रैक्टिस के लिए भोपाल आने के लिए निकले थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रोहित नागर के मुताबिक विष्णु आर्य (27) और आनंद कृष्णन (18) रक्षा बिहार कॉलोनी में रहते थे और नौसेना में आरक्षक थे। दोनों ही मूल रूप से केरल के रहने वाले थे। रविवार तड़के 3 बजे बजे दोनों भोपाल की ओर आने के लिए बाइक पर सवार होकर निकले थे।
कॉलोनी के करीब मेन रोड पर उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। साथियों ने घायल हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां विष्णु को डॉक्टरों ने कुछ देर में मृत घोषित कर दिया। जबकि आनंद की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। साथी स्टाफ की मौजूदगी में रविवार की दोपहर को दोनों के शवों का पीएम कराया गया।
पुलिस का कहना है कि रक्षा बिहार कॉलोनी डिफेंस की कॉलोनी है, जहां आस पास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। जिससे टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस को घटना स्थल से दो हेलमेट मिले हैं। हादसे के समय दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे। पास ही एक खंबा नीचे गिरा हुआ पुलिस को मिला है। इससे पुलिस का अनुमान है कि किसी भारी वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। घटना में बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी है।


















