भोपाल 9 नवंबर (आरएनएस)।कार्यपालक अध्यक्ष मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं मनोज कुमार श्रीवास्तव प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भोपाल के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में प्रधान जिला न्यायालय परिसर से विधिक जागरूकता मैराथन दौड का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उक्त मैराथन दौड़ के प्रतिभागियों को हरी झण्डी देकर मैराथन आरभ कराई।
विधिक जागरूकता प्रदर्शनी एवं मैराथन दौड़ के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित, राजर्षि श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश, भोपाल, अगिन्द्र द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सुनीत अग्रवाल सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समरत न्यायाधीशगण, बी.एम.सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी, भोपाल अभिभाषक संघ के पदाधिकारी, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण,पुलिस एवं यातायात पुलिस के कर्मचारी, डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्तागण, सामाजिक संगठनों के सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यालयीन, महाविद्यायीन विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को नालसा के लोगो न्याय सबके लिए वाली टी-शर्ट नि:शुल्क वितरित की गई। उक्त मैराथन दौड़ में लगभग 450 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभागिता की गई। मैराथन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर कमश: आकाश महतो, करण प्रजापति एवं सौरभ पाण्डे रहे। इसी बीच प्रधान जिला न्यायालय भोपाल के गाँधी हाल में कानूनों एव नि:शुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूकता को दर्शाते हुये प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उदय सामाजिक संस्था के बच्चों द्वारा नुकड़ नाटक का आयोजन किया गया। मैराथन के विजेतागण एवं नुकड़ नाटक के बच्चों को प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा पुरस्कृत किया गया।


















