-भाकपा सामाजिक न्याय मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय पर करेगी धरना-प्रदर्शन
अयोध्या 10 नवंबर (आरएनएस )। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला काउंसिल अयोध्या ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय व पांडुचेरी विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के सम्पन्न हुए चुनावों में वामपंथी छात्र संगठनों के प्रत्याशियों की सभी पदों पर भारी बहुमत से हुई जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि युवाओं में वामपंथ के प्रति युवाओं का झुकाव बढ़ता जा रहा है। हम सबको जनपद में जनता की समस्याओं को लेकर ब्लॉक, तहसील व जिला स्तर पर जनसम्पर्क अभियान चलाकर लोगों में जागरूकता पैदा करना होगा। देश में दक्षिणपन्थी ताकतों का मुकाबला वामपन्थी जनवादी ताकतें ही कर सकती हैं इसके लिए हमें पार्टी व उसके जनसंगठनों को मजबूत करना होगा। पार्टी अपने स्थापना दिवस को शताब्दी वर्ष के रूप में मना रही है इस अवसर पर देशभर में विभिन्न जिला इकाईयां अपने-अपने जनपदों में कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। फैजाबाद में भी शताब्दी वर्ष पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला काउंसिल की बैठक साकेत पुरी कॉलोनी स्थित कार्यालय पर कामरेड अयोध्या प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी को पार्टी के चंडीगढ़ में संपन्न हुए राष्ट्रीय महाधिवेशन में राष्ट्रीय परिषद का सदस्य चुने जाने पर जिला काउंसिल सदस्यों ने बधाई देते हुए स्वागत किया बैठक का संचालन करते हुए कॉमरेड अशोक कुमार तिवारी ने राष्ट्रीय महाधिवेशन की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा महाधिवेशन में लिए गए निर्णयों से काउंसिल सदस्यों को अवगत कराया साथ ही राज्य काउंसिल द्वारा निर्धारित किए गए कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। बैठक में पार्टी के केन्द्रीय आह्वान पर सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर 18 नवंबर को जिला मुख्यालय पर धरना- प्रदर्शन करके ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में पार्टी के जनसंगठनों को मजबूत करने के लिए लोगों को जिम्मेदारियां सौंप गई हैं।पार्टी की सदस्यता नवीनीकरण समय से पूरा करने व पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए आर्थिक सहयोग एकत्र करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिलामंत्री कामरेड राम तीरथ पाठक,पूर्व जिला सहायक सचिव एस एन बागी, किसान सभा जिलाध्यक्ष रामजी राम, एटक के राज्य काउंसिल सदस्य अनिरुद्ध प्रताप मौर्य, सूर्यकांत पांडेय, अवध राम यादव, अवधेश निषाद, महिला फ़ेडरेशन की यशोदा सिंह, उदय चंद यादव, यासीन बेग, जगन्नाथ, राम लौट, राम सनेही यादव, हरीश, दीपक सहित अन्य लोगों ने अपने-अपने विचार रखें। बैठक में कामरेड यशोदा सिंह को भारतीय महिला फेडरेशन का प्रभारी नियुक्त किया गया जबकि उदय चन्द यादव को स्टूडेंट फेडरेशन व नौजवान सभा का प्रभारी बनाया गया है जबकि हरीश कुमार को सहप्रभारी नियुक्त किया गया है। ओमप्रकाश व यासीन बेग को किसान सभा तथा का0 जगन्नाथ को खेत मजदूर यूनियन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

