ऋषिकेश,10 नवंबर (आरएनएस)। ऋषिकेश क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। स्कूटी सवार महिला को आठ नवंबर को रोडवेज बस चालक ने टक्कर मारी थी। जबकि, बीती रविवार देर रात बाइक डिवाइडर से टकराने से युवक की मौत हो गई। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह रावत निवासी ग्राम जयकोट, गजा, टिहरी ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर सुबह नौ बजे उनकी 34 वर्षीय बहन प्रभा पत्नी राजवीर गुसाईं निवासी गढ़ी मयचक, श्यामपुर स्कूटी से जौलीग्रांट के निजी अस्पताल में भर्ती सास को देखने के लिए जा रही थी। इसी बीच हरिद्वार बाईपास मार्ग पर खांड गांव के पास एक रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। जख्मी हालत में बहन को पहले ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति में उसे एम्स रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान बहन ने दम तोड़ दिया। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बस के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान को प्रयास तेज कर दिए हैं।
गुमानीवाला का निवासी था सूरज: संयुक्त यात्रा बस अड्डा मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें सवार युवक को गंभीर चोटें लगने के चलते उसकी मौत हो गई। सरकारी अस्पताल से शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है। 22 वर्षीय सूरज नेगी निवासी रूषाफार्म, गुमानीवाला, ऋषिकेश यात्रा बस अड्डा मार्ग पर बाइक से जा रहा था। अचानक उसकी बाइक बेकाबू हो गई और सीधे सड़क पर डिवाडर से टकरा गई। जख्मी हालत में साथी सूरज को आपातकालीन 108 सेवा के माध्यम से सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगने के चलते अस्पताल में सूरज ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसका शव कब्जे में लिया। सोमवार को सुबह पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

