ऋषिकेश,10 नवंबर (आरएनएस)। मुनिकीरेती स्थित खारास्रोत में अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता का आरोप लगाया है। शिकायत में उन्होंने दुकान में आगजनी की धमकी देने समेत कई अन्य आरोप भी लगाए हैं। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात की पहचान के प्रयास में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, दुकान संचालक अरविंद रणावत ने तहरीर देकर बताया कि वह नियमानुसार वर्ष 2017-18 से मुनिकीरेती में शराब की दुकान का संचालन कर रहे हैं, जिसकी एवज में प्रतिवर्ष लगभग 25 करोड़ रुपये का राजस्व सरकार को देते हैं। 25 अक्तूबर को उनकी दुकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर दो लोगों के बीच आपसी रंजिश की वजह से हत्या की घटना हुई। इससे न तो उनका और न ही दुकान के किसी भी कर्मचारी का कोई संबंध है। इसके बावजूद 26 अक्तूबर को अज्ञात लोगों ने विरोध प्रकट करते हुए कर्मचारियों को दुकान खोलने से रोका। असामाजिक तत्वों ने स्टाफ के साथ अभद्रता भी की। दुकान में तोडफ़ोड़ करने का प्रयास किया गया। कुछ लोगों ने दुकान में आगजनी की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद यह मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अज्ञात की पहचान के लिए पुलिस प्रयास में जुटी है। जल्द ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
15वें दिन भी धरने पर डटे रहे आंदोलनकारी: शराब की दुकान के विरोध में 15वें दिन भी आंदोलनकारी खारास्रोत में धरना स्थल पर जुटे। उन्होंने शराब की दुकान बंद करने की मांग दोहराई। सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। संयुक्त संघर्ष समिति अध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण ने कहा कि तीर्थ व कुंभ क्षेत्र होने के बावजूद यहां दुकान का संचालन किया जा रहा है, जो कि गलत है। आवंटन के समय से ही दुकान का विरोध स्थानीय लोग कर रहे हैं। अब दुकान के पास ही अजेंद्र कंडारी की हत्या हो चुकी है। स्थानीय युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए यहां से दुकान हटना जरूरी है। बताया कि दुकान बंदी तक स्थानीय लोगों का आंदोलन नियमित रूप से जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

