कोटद्वार,10 नवंबर (आरएनएस)। क्षेत्र में लावारिस कुत्तों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार को भी इन कुत्तों ने कई राहगीरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। 20 लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए बेस अस्पताल पहुंचे। बीते शुक्रवार और शनिवार को क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने कई राहगीरों पर हमले किए थे। तीन दिन में स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों, महिलाओं समेत 100 से ज्यादा लोगों को कुत्तों ने काटा है। घायलों ने बेस अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया था। बेस अस्पताल के फार्मासिस्ट डीएस नेगी ने बताया कि सोमवार को भी निराश्रित कुत्तों के हमले में घायल हुए 20 लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां इंजेक्शन कक्ष में घायलों की कतार लगी रही। गोखले, मालगोदाम, पदमपुर, काशीरामपुर तल्ला समेत विभिन्न मार्गों और कई सार्वजनिक जगहों पर अभी भी लावारिस कुत्ते देखे जा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आमतौर पर सामान्य नजर आने वाले यह कुत्ते अचानक से आक्रामक होकर राहगीरों पर हमला कर रहे हैं। राहगीरों को संभलने का मौका भी नहीं मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने स्थानीय प्रशासन व नगर निगम से अभियान चलाकर इन कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

