पूरे ग्राम बेदूपट्टी में गूंजे जयकारे
बेदूपट्टी (प्रतापगढ़) 11 नवंबर (आरएनएस ) ग्राम बेदूपट्टी में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान सोमवार की संध्या परम आनंद और भक्ति के वातावरण में डूबी रही, जब कथा व्यास आचार्य श्याम शंकर मिश्र जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म का अलौकिक प्रसंग सुनाया।
कथा के यजमान कृष्ण नारायण तिवारी व संध्या तिवारी द्वारा विधि-विधान से पूजन के उपरांत जब आचार्य मिश्र जी ने श्रीकृष्ण जन्म का वर्णन आरंभ किया, तो पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा। भगवान के जन्म के समय माखनचोर की बाल लीलाओं का चित्रण करते हुए कथा व्यास ने कहा कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल देवकी-वासुदेव के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के उद्धार के लिए हुआ था। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। महिलाओं ने थालियों से आरती उतारी, भक्तों ने नंद उत्सव का आनंद लिया, और भजन की स्वर लहरियों में वातावरण पूर्णत: कृष्णमय हो गया। संयोजक किरण कुमार तिवारी ने सभी का स्वागत किया। आयोजक राकेश तिवारी, बद्री प्रसाद तिवारी, अशोक तिवारी, दिलीप तिवारी, संजय तिवारी, मनीष तिवारी, गिरीश तिवारी, और सुधीर तिवारी, प्रशांत, हेमंत, अभिषेक, निशांत, हर्षित, शुभम, आदित्य आदि ने सबका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडल और युवक मंडल उपस्थित रहे। कथा समापन तक श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। क्षेत्र के कुछ सम्मानित हस्तियों को अंग वस्त्र देकर सम्मान भी किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

